- रायपुर में संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीन नामजद आरोपी गिरफ्तार
देहरादून। रायपुर क्षेत्र की रक्षा विहार मुस्लिम बस्ती में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दूध पीने को लेकर लगी शर्त के बाद दोस्तों के बीच जोर आजमाइश के दौरान युवक कांच के दरवाजे पर गिर गया। शीशा टूटकर उसके शरीर में घुसने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, देर रात सूचना मिली थी कि रक्षा विहार क्षेत्र में एक युवक कांच से घायल हो गया है और उसके साथी उसे उपचार के लिए इंद्रेश अस्पताल लेकर पहुंचे हैं, जहां उसकी मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान इफ्तिखार के रूप में हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल से आवश्यक वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि इफ्तिखार और अनस आपस में मित्र थे और शाम के समय अनस के कार्यालय में बैठे थे। इसी दौरान दोनों के बीच दूध पीने को लेकर शर्त लगी। दोनों ने करीब एक-एक किलो दूध पीने के बाद आपस में जोर आजमाइश शुरू कर दी। इसी दौरान धक्का लगने से इफ्तिखार कांच के दरवाजे पर जा गिरा और टूटे शीशे से गंभीर चोट लग गई। साथी उसे तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरीश, अनस और जावेद को आंचल डेयरी रोड रायपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच के साथ घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





