चमोली। पीपलकोटी के हाट-सियासैंण, मायापुर स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद लापता श्रमिकों की तलाश में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। रेस्क्यू टीमों ने अभियान के दौरान एक और श्रमिक को टनल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। उसे तत्काल जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया है। अब टनल में एक श्रमिक की तलाश शेष रह गई है, जिसे लेकर रेस्क्यू अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। लापता श्रमिक तक पहुंचने के लिए रेस्क्यू टीमें टनल के भीतर संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। अभियान को गति देने के लिए टनल में जमा स्लज यानी कीचड़ और मलबे को लगातार हटाया जा रहा है।
इसके साथ ही टनल के भीतर जमा पानी की निकासी भी तेजी से की जा रही है। सक्शन पंपों और अन्य आवश्यक उपकरणों की मदद से पानी और मलबा हटाकर रेस्क्यू टीमों की आवाजाही को सुगम बनाया जा रहा है। जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें आपसी समन्वय के साथ अभियान में जुटी हैं। अधिकारियों द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन की लगातार निगरानी की जा रही है और मौके पर आवश्यक संसाधन एवं उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रशासन ने लापता एकमात्र श्रमिक की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। टनल के अंदर संभावित सभी स्थानों की बारीकी से जांच की जा रही है। रेस्क्यू टीमें पूरी तत्परता के साथ अभियान में जुटी हैं और श्रमिक तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।












