हरिद्वार। कृषि यंत्र खरीदने पर मिलने वाली सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में ₹10 हजार की रिश्वत मांगना सहायक कृषि अधिकारी को भारी पड़ गया। विजिलेंस की ट्रैप टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी अधिकारी को रिश्वत की रकम लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता के भाई को कृषि यंत्र खरीदने के लिए मिलने वाली सब्सिडी से संबंधित फाइल आगे बढ़ाने के एवज में हरिओम यादव पुत्र स्व. लाल सिंह, निवासी प्रतापनगर, नजीबाबाद रोड, कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल, हाल सहायक कृषि अधिकारी, विकासखंड खानपुर, जिला हरिद्वार द्वारा शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये उत्कोच की मांग की गई थी।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस की ट्रैप टीम ने मामले की जांच कर जाल बिछाया। मंगलवार, 18 अगस्त 2026 को टीम ने निर्धारित कार्रवाई के तहत आरोपी सहायक कृषि अधिकारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद विजिलेंस टीम द्वारा आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। रिश्वतखोरी के इस मामले से कृषि विभाग में भी हड़कंप मच गया है।












