- डिजिटल यूजर चार्ज ऐप लॉन्च, 200 बिजली के पोल, सफाई संसाधनों की खरीद, बायोगैस प्लांट और वाटर कूलर समेत विकास के कई अहम फैसले
हल्द्वानी। हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम की बोर्ड बैठक बुधवार को महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में संपन्न हुई। बैठक में विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की शुरुआत उत्तराखंड सरकार द्वारा मनोनीत आठ नए पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाकर हुई, जिसके बाद कुल 15 जनहित प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस दौरान नगर निगम ने डोर-टू-डोर यूजर चार्ज संग्रहण के लिए मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया, जिससे वसूली व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। बैठक में नगर निगम की किरायेदारी दुकानों के किराए में 50 प्रतिशत वृद्धि तथा 31 अक्टूबर 2026 तक किराया जमा करने पर विशेष छूट देने का निर्णय लिया गया। शहर की विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 200 नए बिजली के पोल और तार लगाने, सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नए ट्रैक्टर, टैंकर और अन्य वाहनों की खरीद, नगर निगम मुख्यालय के विस्तार और सिंगल विंडो व्यवस्था विकसित करने के प्रस्ताव भी मंजूर किए गए। बोर्ड ने सुभाष नगर स्थित नगर निगम भवन में क्षेत्रीय कार्यालय खोलने, शहर में महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने, नैनीताल के 50 टीपीडी फ्रेश वेस्ट प्लांट से संबंधित लंबित भुगतान का निस्तारण करने तथा गंगापुर कबड़वाल स्थित गोशाला में बायोगैस प्लांट और मृत गोवंश के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए इंसिनरेटर स्थापित करने को भी मंजूरी प्रदान की।
इसके अलावा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत उपविधियां बनाने, नगर निगम क्षेत्र में ट्यूबवेल निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध कराने तथा आरोग्य मंदिर के अनुबंध पर विचार संबंधी प्रस्ताव भी पारित किए गए। पार्षदों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों में सार्वजनिक स्थानों पर नागरिकों की सुविधा के लिए वाटर कूलर लगाने, यूयूएसडीए द्वारा बनाई जा रही सड़कों के साथ नालियों का निर्माण अनिवार्य करने तथा आवासीय क्षेत्रों में संचालित कबाड़ की दुकानों को हटाकर भविष्य में ऐसे संचालन पर रोक लगाने के प्रस्तावों को भी सर्वसम्मति से स्वीकृति मिली। साथ ही पूर्व में कराए गए विकास कार्यों की कार्योत्तर स्वीकृति भी बोर्ड ने प्रदान की। बैठक को संबोधित करते हुए महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम का प्रत्येक निर्णय जनता की सुविधा, पारदर्शिता और शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखकर लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा पारित सभी प्रस्तावों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जाएगा और हल्द्वानी-काठगोदाम को प्रदेश के सबसे स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक नगरों में शामिल करने के लिए निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, वित्त अधिकारी स्मिता जोशी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी श्री टोलिया, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा सभी पार्षद मौजूद रहे।






