- मंच, सुरक्षा, पार्किंग और यातायात व्यवस्थाओं का लिया जायजा, 8 अगस्त की जनसभा को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प
हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रस्तावित विशाल जनसभा को लेकर हल्द्वानी में तैयारियां तेज हो गई हैं। जनसभा की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए कांग्रेस नेताओं ने रामलीला मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित तैयारियों पर चर्चा की गई। निरीक्षण के दौरान उत्तराखंड कांग्रेस के सह प्रभारी मनोज यादव, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक सुमित हृदयेश सहित कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यक्रम स्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए जनसभा को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी का पूरा संगठन राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रस्तावित जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ जुटा हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन हल्द्वानी पहुंचेंगे तथा यह जनसभा उत्तराखंड में कांग्रेस की संगठनात्मक एकजुटता, जनसमर्थन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त प्रदर्शन बनेगी। नेताओं ने कहा कि जनसभा की प्रत्येक व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। कांग्रेस संगठन ने दावा किया कि यह जनसभा प्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण संदेश देने वाली होगी और इसमें अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ेगा।







