रुद्रप्रयाग। लगातार हो रही बारिश के बीच केदारनाथ यात्रा एक बार फिर भूस्खलन की चपेट में आ गई है। गौरीकुंड गेट से करीब 200 मीटर आगे पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर गिरने के कारण केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल आवाजाही रोक दी है और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है। मार्ग बहाली के लिए राहत एवं बचाव दल युद्धस्तर पर जुटे हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश से अभियान प्रभावित हो रहा है। प्रशासन के अनुसार भारी वर्षा के चलते पहाड़ी से लगातार मलबा और पत्थर गिर रहे हैं, जिससे यात्रा मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस, आपदा प्रबंधन, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं और मार्ग से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया। हालांकि खराब मौसम और लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण बहाली कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं और यात्रियों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें, बिना अनुमति के आगे बढ़ने का प्रयास न करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने के बाद ही केदारनाथ धाम के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही दोबारा शुरू की जाएगी।







