हल्द्वानी। रेलवे ट्रैक और यार्ड क्षेत्रों में हुई दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। जीआरपी के अनुसार, पहली घटना किच्छा रेलवे स्टेशन यार्ड क्षेत्र की है, जहां एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। जीआरपी थाना काठगोदाम के निरीक्षक कमल कोरंगा ने बताया कि 21 मई की रात करीब 1:02 बजे स्टेशन मास्टर कार्यालय के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि रेलवे स्टेशन किच्छा यार्ड में पावर इंजन संख्या 38830 से एक व्यक्ति रनओवर हो गया है। सूचना मिलते ही चौकी जीआरपी लालकुआं से अपर उपनिरीक्षक रणधीर राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रेलवे स्टेशन किच्छा के दक्षिणी छोर स्थित रेलवे फाटक के पास घटनास्थल पर रेलवे कर्मचारियों के साथ मृतक के परिजन मौजूद मिले। मृतक की पहचान राजकुमार पुत्र स्वर्गीय सुखपाल सिंह निवासी कृष्ण विहार कॉलोनी, किच्छा, जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई, जिसकी उम्र करीब 20 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने शव को 108 एंबुलेंस के माध्यम से पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर मोर्चरी भिजवाकर जांच शुरू कर दी है।वहीं दूसरी घटना रेलवे स्टेशन टनकपुर के यार्ड क्षेत्र से सामने आई, जहां 20 मई को एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला। मौके पर पहुंची जीआरपी टीम को उसके पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान अर्जुन लाल पुत्र श्याम लाल निवासी बेनीपुर खरगौन, सीतापुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष बताई गई है। व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए 108 एंबुलेंस से संयुक्त चिकित्सालय टनकपुर भेजा गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।जीआरपी ने मृतक के परिजनों को दूरभाष के माध्यम से सूचना दे दी है और पंचायतनामा सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दोनों मामलों के कारणों की जांच में जुटी है।






