रुद्रपुर। “अपराध मुक्त देवभूमि उत्तराखंड” के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में SOG रुद्रपुर और कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस की संयुक्त टीम ने IPL मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी चला रहे दिल्ली निवासी एक शातिर बुकी को गिरफ्तार कर बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, 19 मई की रात क्षेत्र में शांति व्यवस्था और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान SOG रुद्रपुर को सूचना मिली कि सिडकुल आनंदपुर रोड स्थित धर्मकांटे के पास एक व्यक्ति सफेद रंग की होंडा सिटी कार में बैठकर IPL मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को कब्जे में ले लिया। कार में मौजूद व्यक्ति लैपटॉप पर ऑनलाइन गतिविधियों में संलिप्त पाया गया, जिसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान रंजीत सिंह सैनी (45) निवासी पालम कॉलोनी, दिल्ली के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पुलिस की नजरों से बचने के लिए सुनसान स्थानों पर कार खड़ी कर IPL मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करता था। वह लैपटॉप में विशेष सॉफ्टवेयर और मोबाइल फोन के जरिए ग्राहकों से संपर्क साधकर सट्टे का पूरा हिसाब-किताब रखता था। जांच के दौरान लैपटॉप में खुले सॉफ्टवेयर में ग्राहकों के नाम, IPL टीमों के रेट, हार-जीत और लेन-देन का रिकॉर्ड मिला, जबकि मोबाइल फोन से सट्टेबाजी से जुड़े वॉयस रिकॉर्डिंग और डिजिटल भुगतान के प्रमाण भी बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 92 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, एक HP लैपटॉप, कैलकुलेटर, एक नीले रंग का बैग और सट्टेबाजी में प्रयुक्त होंडा सिटी कार बरामद की है। बरामद सामग्री और जब्ती की कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य एप के माध्यम से कराई गई। आरोपी के खिलाफ कोतवाली ट्रांजिट कैंप में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।






