- संपत्तियों के संरक्षण और विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार, पारदर्शिता के साथ काम करने का भरोसा
देहरादून। उत्तराखंड वक्फ बोर्ड में लाल मस्जिद की नवगठित प्रबंधन समिति ने शुक्रवार को वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स से मुलाकात कर उनका शॉल ओढ़ाकर स्वागत और आभार व्यक्त किया। इस दौरान नई समिति के गठन को समाज और वक्फ संपत्तियों के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया गया। नई समिति में सज्जाद अली को अध्यक्ष, मो इमरान को उपाध्यक्ष और इकराम अहमद को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति के सदस्यों ने कहा कि वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स द्वारा लिया गया निर्णय मस्जिद की संपत्तियों के संरक्षण, रखरखाव और विकास कार्यों को नई दिशा देगा।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने उम्मीद जताई कि नई समिति पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए समाजहित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर वक्फ से जुड़े कार्यों को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने वक्फ बोर्ड अध्यक्ष के निर्णय की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। इस अवसर पर उत्तराखंड अल्पसंख्यक मोर्चा के उपाध्यक्ष मो इसरार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







