देहरादून। चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के बीच मसूरी पुलिस ने यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में पुलिस ने एक नाबालिग युवक को बुलेट बाइक पर स्टंट और पटाखे जैसी तेज आवाज निकालते हुए पकड़ा। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वाहन सीज कर 40 हजार रुपये का भारी जुर्माना लगाया। कोतवाली मसूरी पुलिस के अनुसार लाइब्रेरी चौक पर चेकिंग के दौरान Royal Enfield Bullet बाइक संख्या यूपी 11 BZ 9156 तेज आवाज और पटाखे फोड़ते हुए गुजर रही थी। पुलिस द्वारा रोककर जांच करने पर पता चला कि बाइक एक 16 वर्षीय नाबालिग चला रहा था, जो सहारनपुर से मसूरी घूमने आया था।
पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए बाइक को सीज कर दिया और नाबालिग को उसके परिजनों के सुपुर्द किया। अभियान के दौरान पुलिस ने काली फिल्म लगे वाहनों, नो पार्किंग में खड़े वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की। मसूरी पुलिस ने कुल 87 चालान किए, जिनमें ड्रिंक एंड ड्राइव, ब्लैक फिल्म, नो पार्किंग और अन्य यातायात उल्लंघन शामिल रहे। देहरादून पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और चारधाम यात्रा सीजन के दौरान वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने की अपील की है, ताकि पर्यटन नगरी में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।






