हल्द्वानी। संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर हल्द्वानी के दमुवाढूंगा स्थित अंबेडकर पार्क में सामाजिक सेवा और जनकल्याण का अनूठा संगम देखने को मिला। इस मौके पर आयोजित रक्तदान शिविर और जन सुविधा शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर बाबा साहब को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की। स्व. बालकिशन देवकीनंदन जोशी चैरिटेबल ब्लड बैंक, मुखानी के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर में करीब 60 लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर महादान किया।
शिविर में युवाओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे आयोजन स्थल पर सेवा और जागरूकता का सकारात्मक माहौल बना रहा। इसी के साथ आयोजित जन सुविधा शिविर में सैकड़ों लोगों ने विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाया। लोगों ने इसे जनहित में एक सराहनीय पहल बताते हुए आयोजकों की प्रशंसा की। कार्यक्रम के दौरान ब्लड बैंक मुखानी के डॉ. प्रकाश मेहता और उनकी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई, वहीं जन सुविधा शिविर की टीम भी पूरे आयोजन में जुटी रही। इस अवसर पर भाजपा नेता एवं पार्षद प्रतिनिधि हृदयेश कुमार के नेतृत्व में हर्षित भारती, अरुण कुमार, पंकज अधिकारी, वीरेंद्र बिष्ट, योगेंद्र बिष्ट, गौरव संभल, मनीष बिष्ट, दीपक आर्य, रिंकू आर्य, गोपाल आर्य, शुभम आर्य, रजत कुमार सहित अनेक गणमान्य लोगों की गरिमामय उपस्थिति रही।





