देहरादून। जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता और आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र में संचालित कंट्रोल रूम के माध्यम से नागरिकों की गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायतों का लगातार निस्तारण किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर शाम पांच बजे तक एलपीजी गैस आपूर्ति से जुड़ी कुल 341 शिकायतें दर्ज की गईं। कंट्रोल रूम में जिला पूर्ति विभाग और जिले में गैस सप्लाई करने वाली सभी एलपीजी एजेंसियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्राप्त शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को जिले में लगभग 29,120 घरेलू उपभोक्ताओं और 69 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। हालांकि घरेलू सिलेंडरों में करीब 67 हजार का बैकलॉग अभी भी बना हुआ है।

एक मार्च से अब तक जिले में 1,91,548 घरेलू तथा 15,336 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका है, जबकि वर्तमान में 31,807 सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं। मांग को देखते हुए एलपीजी की सप्लाई बढ़ा दी गई है, जिससे जल्द ही बैकलॉग कम होने की उम्मीद है। इसी क्रम में जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला प्रशासन की विभिन्न टीमों ने जिले में 17 गैस एजेंसियों, 45 प्रतिष्ठानों और 5 पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 19 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। डोईवाला क्षेत्र में गैस की कालाबाजारी के मामले में एक प्राथमिकी दर्ज करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे गैस की कमी को लेकर घबराएं नहीं, प्रत्येक उपभोक्ता तक होम डिलीवरी के माध्यम से गैस पहुंचाई जाएगी। वर्तमान व्यवस्था के तहत शहरी क्षेत्रों में एक सिलेंडर मिलने के बाद अगली बुकिंग 25 दिन बाद और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन बाद ही की जा सकेगी।






