हल्द्वानी। घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर उपजिलाधिकारी कार्यालय हल्द्वानी में गैस एजेंसियों और पूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें गैस वितरण की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए समन्वित प्रयासों पर जोर दिया गया। बैठक में विभिन्न गैस एजेंसियों से उपभोक्ताओं और गैस वितरण से संबंधित विस्तृत जानकारी ली गई। कुमाऊँ मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के प्रबंधक ने बताया कि उनके यहां कुल 30,578 उपभोक्ता पंजीकृत हैं। फरवरी माह में 19,734 उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर वितरित किए गए, जबकि जनवरी में यह संख्या लगभग 21,000 रही। वहीं मार्च माह में 10 तारीख तक करीब 5,200 उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति की जा चुकी है। अन्य गैस एजेंसियों से भी वितरण की पूरी जानकारी ली गई।

बैठक के दौरान यह भी सामने आया कि पिछले दो दिनों से ऑनलाइन बुकिंग में तकनीकी समस्याएं आ रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि SDMS सॉफ्टवेयर और IVRS ऐप के ठीक से काम न करने के कारण उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग में परेशानी हो रही है। इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित एजेंसियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि लंबे समय से निष्क्रिय पड़े गैस कनेक्शन यदि अचानक सक्रिय होकर बुकिंग कराने लगते हैं तो उनके माध्यम से कालाबाजारी की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे मामलों पर विशेष निगरानी रखने और संदिग्ध बुकिंग की सूचना तत्काल विभाग को देने के निर्देश दिए गए। बैठक में क्षितिज गैस एजेंसी, केएमवीएन, आशीर्वाद गैस एजेंसी, बिष्ट गैस एजेंसी, ज्वाला गैस एजेंसी और सरमज गैस एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।







