सितारगंज। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने लूट की वारदात को अंजाम देने और पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग करने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के सख्त निर्देशों के तहत सितारगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को धर दबोचा और उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी मारपीट, डकैती, अवैध हथियार और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। जानकारी के अनुसार 10 मार्च की रात डायल 112 पर सूचना मिली कि औदली क्षेत्र में दो बदमाशों ने एक युवक की गर्दन पर हथियार रखकर उसकी बाइक लूट ली है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक ललित चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां शिकायतकर्ता अरुण सिंह निवासी लामाखेड़ा ने बताया कि ग्राम भरौनी निवासी गुरमीत सिंह और उसके एक साथी ने तलवार की नोक पर उसकी बजाज प्लेटिना बाइक (UK06BC9253) लूट ली और भरौनी गांव की ओर फरार हो गए।
पुलिस टीम जब बदमाश गुरमीत सिंह के घर पहुंची तो वहां गुरमीत सिंह, उसका भाई मक्खन सिंह, पिता मोहन सिंह और एक अन्य व्यक्ति मौजूद थे। पुलिस को देखते ही चारों ने गाली-गलौच करते हुए पुलिसकर्मियों को धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि गुरमीत सिंह घर के अंदर से तलवार और उसके साथी ने पाटल लेकर पुलिस पर हमला कर दिया, जबकि गुरमीत सिंह ने कमर से तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस फायरिंग से पुलिसकर्मियों की जान को खतरा पैदा हो गया, जिसके बाद आत्मरक्षा में उपनिरीक्षक ललित चौधरी ने दो राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई के बाद बदमाश खेतों की ओर भाग निकले, लेकिन पुलिस ने पीछा कर मोहन सिंह को मौके से दबोच लिया और लूटी गई बाइक भी बरामद कर ली। इस घटना के संबंध में कोतवाली सितारगंज में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए। शिकायतकर्ता की तहरीर पर लूट के मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया, जबकि पुलिस टीम पर हमला और फायरिंग के मामले में भी अलग से गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर तीनों नामजद आरोपियों इंद्रजीत उर्फ दिलबाग उर्फ बग्गू, गुरमीत सिंह और मक्खन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। मक्खन सिंह के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है, जिसके बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है। पुलिस के अनुसार गुरमीत सिंह फिलहाल उपजिला चिकित्सालय सितारगंज में उपचाराधीन है, जबकि अन्य दो आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उनके खिलाफ पूर्व में कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। सितारगंज पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश गया है।







