हल्द्वानी। तराई पूर्वी वन प्रभाग में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। सोमवार को गौला रेंज क्षेत्र में चलाए गए औचक निरीक्षण और सघन चेकिंग अभियान के दौरान वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से उपखनिज ले जा रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर सीज कर दिया। प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग के निर्देशन में उपप्रभागीय वनाधिकारी (गौला) ए के जोशी के नेतृत्व में देवरामपुर खनन गेट क्षेत्र में अचानक निरीक्षण किया गया। इस दौरान क्षेत्र में संचालित खनन गतिविधियों और खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की गहन जांच की गई। चेकिंग के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली (UK04AR 6122) संदिग्ध अवस्था में उपखनिज परिवहन करते हुए पकड़ी गई। जांच में चालक के पास खनिज परिवहन से संबंधित वैध प्रपत्र उपलब्ध नहीं पाए गए।

इसके बाद वन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपनी अभिरक्षा में लेकर डौली रेंज परिसर में सुरक्षित खड़ा कर दिया। वाहन में अवैध रूप से उपखनिज का परिवहन पाए जाने पर उसे सीज करते हुए सुसंगत धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है। उपप्रभागीय वनाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी के निर्देशानुसार क्षेत्र में समय-समय पर औचक निरीक्षण और सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाए जाएं, ताकि किसी भी स्थिति में अवैध खनन या अवैध खनिज परिवहन को पनपने न दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वन विभाग ऐसे मामलों पर लगातार नजर बनाए हुए है और अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान वन क्षेत्राधिकारी एसओजी नवीन सिंह रायकवाल, वन दरोगा दिनेश चंद्र पंत, प्रकाश चंद्र तिवारी, वाहन चालक चंदन बेदी सहित विभागीय वनकर्मी भी मौजूद रहे।









