हल्द्वानी। भीमताल के सातताल मार्ग पर रियल एस्टेट के नाम पर कथित धोखाधड़ी के मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने कड़ा रुख अपनाया है। जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान सामने आए इस प्रकरण में उन्होंने रियल एस्टेट स्वामी मनोज जोशी को सख्त चेतावनी देते हुए तय समयसीमा के भीतर शिकायतकर्ताओं की धनराशि वापस करने के निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि हिलक्रस्ट और शिखर प्रोपर्टीज के नाम पर रियल एस्टेट स्वामी मनोज जोशी द्वारा बिना नक्शा स्वीकृत कराए ही लोगों से एडवांस धनराशि लेना गंभीर मामला है। यदि संबंधित लोगों को उनकी रकम वापस नहीं की जाती है तो उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

शिकायतकर्ताओं ने जनसुनवाई के दौरान बताया कि जिस परियोजना के नाम पर उनसे धन लिया गया, उसका आज तक विकास प्राधिकरण से नक्शा भी स्वीकृत नहीं हुआ है और न ही कोई आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गई हैं। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने कहा कि लोगों के साथ इस तरह की धोखाधड़ी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने रियल एस्टेट स्वामी मनोज जोशी को चेतावनी दी कि समयबद्ध तरीके से सभी प्रभावित लोगों की धनराशि वापस की जाए। यदि ऐसा नहीं किया गया तो उनके खिलाफ लैंड फ्रॉड एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।








