देहरादून/गदरपुर। उत्तराखण्ड में ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊधम सिंह नगर के गदरपुर क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहे नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित कैप्सूल, गोलियां और कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में राज्य में अब तक की यह सबसे बड़ी नशीली दवाओं की खेप है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 2 मार्च को एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने ड्रग इंस्पेक्टर और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर कोतवाली गदरपुर क्षेत्र स्थित कुमार मेडिकल हॉल में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर स्वामी राजकुमार पुत्र बनवारी लाल, निवासी वार्ड नंबर 1 गदरपुर को गिरफ्तार किया गया।

छापे में मेडिकल स्टोर से 9416 नशीले कैप्सूल, 1300 अल्प्राजोलम टैबलेट और 51 बोतल प्रतिबंधित कोडीन फॉस्फेट व ट्रिप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड युक्त कफ सिरप बरामद किया गया। बरामद दवाएं व्यावसायिक मात्रा में पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ थाना गदरपुर में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार मेडिकल स्टोर की आड़ में लंबे समय से प्रतिबंधित दवाओं का अवैध व्यापार किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान बरामद दवाओं को विधिवत सील कर जब्त किया गया और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहें और नशा तस्करी से संबंधित किसी भी जानकारी की सूचना तुरंत पुलिस या एसटीएफ को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्रग्स-फ्री देवभूमि अभियान के तहत राज्य में नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।










