देहरादून। लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की लंबे समय से चली आ रही मांग को एक बार फिर नई उम्मीद मिली है। मुख्यमंत्री ने पूर्व में विलोपित की गई घोषणा को पुनः जीवित करने की मंजूरी दे दी है। उत्तराखंड में लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की प्रक्रिया को एक बार फिर गति मिलने जा रही है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लालकुआं के विधायक मोहन सिंह बिष्ट के अनुरोध पर बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित करने संबंधी पूर्व में विलोपित की गई घोषणा को पुनर्जीवित करने का अनुमोदन प्रदान कर दिया है।

राजस्व विभाग के अनुसार, इससे पहले मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने का प्रस्ताव रखा गया था। हालांकि यह क्षेत्र वन भूमि के अंतर्गत आने के कारण इस पर अंतिम निर्णय लेने के लिए वन विभाग के माध्यम से भारत सरकार से अनापत्ति प्राप्त करना आवश्यक है। इस प्रक्रिया में कई कानूनी प्रावधानों और औपचारिकताओं के चलते अधिक समय लगने की संभावना को देखते हुए 1 जुलाई 2025 को आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय से उक्त घोषणा को राजस्व विभाग की सूची से हटाने का अनुरोध किया गया था, जिसके बाद घोषणा को विलोपित कर दिया गया था। अब मुख्यमंत्री द्वारा इस घोषणा को पुनः जीवित करने की मंजूरी दिए जाने के बाद बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाए जाने की प्रक्रिया फिर से शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।







