हल्द्वानी। जनपद नैनीताल के हल्द्वानी स्थित चंदन हॉस्पिटल में उपचार के नाम पर अवैध वसूली, चिकित्सा में लापरवाही और आर्थिक शोषण के गंभीर आरोपों को देखते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है, जिससे पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके। जानकारी देते हुए अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने बताया कि समिति में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), नगर मजिस्ट्रेट और अपर मुख्य चिकित्साधिकारी को शामिल किया गया है। समिति अस्पताल में ली जा रही फीस, स्वास्थ्य मानकों के पालन, मरीजों के आर्थिक और मानसिक शोषण तथा चिकित्सा लापरवाही के आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच करेगी और साक्ष्य एकत्र करेगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस मामले से संबंधित जानकारी रखने वाले सभी व्यक्तियों, चाहे वे सीधे जुड़े हों या अन्य, से अपेक्षा की गई है कि वे प्रकाशन के सात दिनों के भीतर अपना मौखिक या लिखित बयान, अभिकथन या कोई भी साक्ष्य समिति के समक्ष प्रस्तुत करें। यह बयान किसी भी कार्य दिवस में गठित जांच समिति के किसी भी अधिकारी के कार्यालय में दिया जा सकता है। प्रशासन की इस कार्रवाई को स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अब जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।







