हल्द्वानी। शहर में चल रही एडीबी परियोजना के तहत सड़क निर्माण और सीवर कार्यों को लेकर प्रशासन ने अहम बदलाव किए हैं। नगर मजिस्ट्रेट ए. पी. बाजपेयी के साथ हुए स्थलीय निरीक्षण के बाद यूयूएसडीए ने कार्ययोजना में सुधार करते हुए नई खुदाई पर रोक लगाकर सड़क पुनर्निर्माण को तेज करने का फैसला लिया है, जिससे शहरवासियों को जल्द बेहतर सड़क सुविधा मिल सके। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार परियोजना के तहत अब तक 152 किलोमीटर सड़कों का पुनर्निर्माण किया जा चुका है, जबकि 85 किलोमीटर सब-सर्फेसिंग हो चुकी डामर सड़कों पर भी काम शुरू कर दिया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि प्राथमिकता अब सड़कों को दुरुस्त करने और यातायात को सुचारु रखने पर है। मुखानी रोड पर सीवर लाइन बिछाने के लिए बनाए गए ट्रेंचलेस पिट के पास सड़क चौड़ाई बढ़ाने के लिए फुटपाथ तोड़कर अस्थायी निर्माण किया गया है, वहीं यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती भी की गई है। गहरी खुदाई वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे और अतिरिक्त लाइट लगाने का काम भी जारी है ताकि सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

कार्यस्थलों से पहले निश्चित दूरी पर गति नियंत्रण के लिए चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। कठघरिया–चौफुला के बीच नहर कवरिंग कार्य में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की ड्रेसिंग कर समतलीकरण किया गया है, जिससे यातायात संचालन आसान हो सके। इसके अलावा पनचक्की रोड पर हुई घटना के बाद वहां भी फुटपाथ तोड़कर अस्थायी चौड़ीकरण किया गया है। प्रशासन ने बताया कि होली से पहले दो ट्रेंचलेस पिट का काम पूरा कर उन्हें बंद करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि इन सुधारों का उद्देश्य निर्माण कार्यों के साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना है, ताकि शहर में विकास कार्यों का असर आम लोगों पर कम से कम पड़े और परियोजना समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।







