हल्द्वानी। मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की एक प्रेरणादायक मिसाल हल्द्वानी में देखने को मिली, जहां दमकल विभाग में तैनात कर्मी नीरज बालियान ने दुर्लभ A- रक्त देकर एक नवजात की जरूरत को पूरा करते हुए परिवार के लिए उम्मीद की किरण बन गए। जानकारी के अनुसार एक महिला के प्रेगनेंसी केस के दौरान नवजात को अचानक A- प्लेटलेट की आवश्यकता पड़ गई। परिजनों ने काफी प्रयास किए, लेकिन दुर्लभ रक्त समूह होने के कारण उन्हें कहीं भी A- प्लेटलेट उपलब्ध नहीं हो सकी।

इसी बीच मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) गौरव किरार के माध्यम से परिजनों का संपर्क हल्द्वानी दमकल विभाग में तैनात कर्मी नीरज बालियान से कराया गया। सूचना मिलते ही नीरज बिना देर किए आगे आए और रक्तदान कर आवश्यक A- प्लेटलेट की जरूरत को पूरा किया। नीरज बालियान के इस मानवीय कदम से न केवल एक परिवार को राहत मिली बल्कि समाज में इंसानियत की भावना भी मजबूत हुई। परिजनों ने नीरज का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सच्चा हीरो बताया। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि संकट की घड़ी में इंसानियत और सेवा भावना ही सबसे बड़ी ताकत होती है, और ऐसे कर्मी समाज के लिए प्रेरणा बनते हैं।







