हल्द्वानी। पंचक्की रोड स्थित अंबिका विहार के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद सियासी और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने घटना को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताते हुए तल्ली बमौरी स्थित USDDA कार्यालय के बाहर स्थानीय पार्षदों और नागरिकों के साथ धरना-प्रदर्शन किया और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। विधायक ने अंबिका विहार के समीप हुए हादसे में सुरेश पांडेय के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क पर बने बड़े-बड़े खुले और असुरक्षित सीवर चैम्बर तथा जर्जर सड़क इस दुर्घटना की प्रमुख वजह बने हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों द्वारा बार-बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित विभागों ने समय रहते कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया, जिसके चलते एक सम्मानित नागरिक को अपनी जान गंवानी पड़ी।

धरना-प्रदर्शन के दौरान विधायक ने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, नगर निगम, पुलिस और USDDA के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर जवाबदेही तय करने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि लगभग 15 दिन पहले ही उन्होंने इस मार्ग को वन-वे घोषित करने का सुझाव दिया था ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके, लेकिन इस पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की गई। विधायक सुमित हृदयेश ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने सड़क पर यातायात व्यवस्था सुधारने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान लागू करने की मांग भी उठाई। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।







