हल्द्वानी। नवीन मंडी–गौलापार लिंक मार्ग स्थित शनि बाजार क्षेत्र में नाला निर्माण को गति देने के लिए प्रशासन और नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया। पूर्व में दिए गए 15 दिन के नोटिस की समय सीमा समाप्त होते ही आज संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर कार्रवाई की। प्रशासन एवं नगर निगम की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर नाला निर्माण में बाधक बने दो अतिक्रमणों को हटाया। कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, जिससे क्षेत्र में चल रहे नाला निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो सका।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूर्व में अतिक्रमणकारियों को नियमानुसार नोटिस दिया गया था, बावजूद इसके तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके चलते यह कदम उठाना पड़ा। कार्रवाई के दौरान नगर आयुक्त परितोष वर्मा, एसडीएम राहुल शाह, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, नगर निगम लेखाकार गणेश भट्ट सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि शहर में विकास कार्यों में बाधा डालने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।






