हल्द्वानी। हल्द्वानी के कटघरिया क्षेत्र से काठगोदाम तक जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति ने स्थानीय निवासियों का जीना दूभर कर दिया है। जगह-जगह बने गड्ढों और उड़ती धूल के कारण न केवल वाहन चालकों को बल्कि पैदल चलने वालों को भी भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि वर्षों से यह सड़क खस्ताहाल पड़ी है और कई बार शिकायत करने के बावजूद सरकार और विभागों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। गुरुवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने चौराहे पर धरना-प्रदर्शन कर जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।
उनका कहना है कि सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि दोपहिया वाहन चालक आए दिन गिरकर घायल हो रहे हैं, वहीं धूल के कारण बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। स्थानीय दुकानदारों ने भी बताया कि उड़ती धूल से उनके सामान खराब हो रहे हैं और व्यापार पर बुरा असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। मौके पर पहुंचे पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता आनंद गिरी ने बताया कि सड़क का टेंडर प्रक्रिया में है और जल्द ही मरम्मत व निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।








