देहरादून। राजकीय प्राथमिक विद्यालय बांध विस्थापित बंजारावाला में बाल श्रम कराने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में छोटे बच्चे स्कूल ड्रेस में रेत और बजरी उठाते नजर आए, जिसके बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्य को निलंबित कर दिया है। घटना का वीडियो सामने आते ही विभाग में हड़कंप मच गया।
वीडियो में बच्चों को तसला और फावड़ा लेकर रेत ढोते देखा गया, जिसके बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी ने उप शिक्षा अधिकारी रायपुर को जांच के आदेश दिए। जांच में आरोप सही पाए जाने पर प्रधानाचार्य को तत्काल निलंबित कर उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय रायपुर में सम्बद्ध कर दिया गया। इसके अलावा विद्यालय में कार्यरत अन्य शिक्षिकाओं से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दोषी पाए जाने पर सभी के खिलाफ सेवा आचरण नियमावली के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।






