हल्द्वानी। नैनीताल जिले की हल्द्वानी क्षेत्र पंचायत में प्रमुख पद के लिए चुनावी मुकाबला तय होने से पहले ही खत्म हो गया। नामांकन वापसी की अंतिम तिथि पर मीना पांडे ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली, जिसके बाद मंजू देवी निर्विरोध प्रमुख निर्वाचित घोषित कर दी गईं। सहायक निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपजिलाधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह ने बताया कि 12 अगस्त को नाम वापसी के लिए प्राप्त नोटिस के अनुसार, एकमात्र प्रतिद्वंद्वी मीना पांडे के हटने से चुनाव प्रक्रिया औपचारिक रूप से समाप्त हो गई।

अब क्षेत्र पंचायत प्रमुख का पद मंजू देवी के नाम हो गया है। चुनाव प्रक्रिया के अंतर्गत अब मतदान की आवश्यकता नहीं होगी और विजयी उम्मीदवार को औपचारिक प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। पंचायत क्षेत्र में मंजू देवी की निर्विरोध जीत को उनके समर्थकों ने महिला नेतृत्व और विकास के प्रति जनता के विश्वास का संकेत बताया है।






