- बकुलिया गांव में मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
लालकुआं। गर्मी से राहत पाने नदी में उतरे दो किशोरों की जिंदगी की डोर उस वक्त टूट गई जब वे गौला नदी की तेज़ धार में समा गए। करीब 14 घंटे की खोजबीन के बाद दोनों बच्चों के शव बरामद होने से बकुलिया गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मोटाहल्दु क्षेत्र के ग्राम बकुलिया निवासी अंकित भौर्याल (15) पुत्र दीवान सिंह भौर्याल और कृष दानू (15) पुत्र दरबान सिंह दानू मंगलवार शाम लगभग 5 बजे घर से नहाने के लिए गौला नदी की ओर निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास के ग्रामीणों के साथ खोजबीन शुरू की, लेकिन पूरी रात उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया।
बुधवार सुबह जब पुनः खोजबीन की गई तो नदी किनारे दोनों के कपड़े मिले, जिससे बच्चों के डूबने की आशंका गहरा गई। ग्रामीण गोताखोरों की मदद से नदी में खोजबीन शुरू की गई, जिसके बाद पहले एक बच्चे और फिर लगभग 11 बजे दूसरे बच्चे का शव बरामद हुआ। इस हृदयविदारक घटना से दोनों परिवारों पर दुःख का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है। ग्रामीणों ने बताया कि अंकित कक्षा 9 और कृष कक्षा 10 में निजी विद्यालय में पढ़ते थे। पढ़ाई में होनहार इन दोनों बच्चों की असमय मौत से गांव गहरे सदमे में है।






