- मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रशासन सख्त, कई क्षेत्रों में कार्यवाही, अपात्र राशन कार्ड और अवैध फेरीवालों पर कार्रवाई तेज
नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में नैनीताल जनपद में शुक्रवार को एक बड़ा प्रशासनिक अभियान चलाया गया। इस व्यापक अभियान में जिले के सभी तहसीलों में अतिक्रमण हटाने, दस्तावेज सत्यापन, राशन और वोटर कार्डों की जांच तथा अनियमितताओं पर प्रभावी कार्यवाही की गई। जिलेभर में राजस्व, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, खाद्य सुरक्षा, नगर विकास और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने कार्यवाही को अंजाम दिया। रामनगर में एसडीएम प्रमोद कुमार के नेतृत्व में फड़ और फेरी वालों का विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया, जिसमें 178 लोगों का परीक्षण किया गया। इनमें से चार व्यक्तियों के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं पाए गए, जिनमें दो बरेली और दो अन्य जनपदों के निवासी थे। इनके विरुद्ध पुलिस द्वारा कार्यवाही की जा रही है। इसके साथ ही अपात्र लाभार्थियों की पहचान हेतु राशन कार्डों की गहन जांच की गई, जिसमें 405 कार्डों में से 73 अपात्र पाए गए। होटलों और दुकानों की जांच में भी प्रशासन सक्रिय रहा। नैनीताल में संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुणा अग्रवाल के नेतृत्व में कई प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं पाई गईं, जिस पर कानूनी कार्यवाही की गई। खुले में मांस बेचने वालों को भी चेतावनी दी गई।

धारी क्षेत्र में एसडीएम एन गोस्वामी के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चला, जिसमें पतलोट बाजार समेत विभिन्न दुकानों से अवैध कब्जे हटाए गए। व्यापार मंडल के सहयोग से सभी दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए गए कि भविष्य में अतिक्रमण की पुनरावृत्ति पर सख्त कार्रवाई होगी। कैंचीधाम, हल्द्वानी और कालाढूंगी क्षेत्रों में भी तहसील अधिकारियों की निगरानी में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। अवैध रूप से बने राशन और वोटर कार्डों की भी जांच की गई, साथ ही यात्रा मार्गों की सफाई और यात्री सुविधाओं के लिए व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। हल्द्वानी में नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त कार्यवाही में मुखानी से ऊंचा पुल तक सत्यापन अभियान चलाया गया, जिसमें 15 चालान काटे गए और 20 ठेले जब्त किए गए। कुल ₹20,500 का जुर्माना वसूला गया। प्रशासन की इस सख्ती से जहां अवैध गतिविधियों पर रोक लगेगी, वहीं आमजन को योजनाओं का सही लाभ भी सुनिश्चित हो सकेगा। अभियान आगे भी जारी रहेगा।






