निकाय चुनाव की तैयारियां पूरी, एमबी इंटर कॉलेज बना कंट्रोल रूम

  • 164 मतदान केंद्रों और 402 बूथों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

हल्द्वानी। नगर निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिले का केंद्रीय कंट्रोल रूम एमबी इंटर कॉलेज में स्थापित किया गया है, जहां से सभी निकायों, जिनमें हल्द्वानी, रामनगर, नैनीताल, भीमताल, भवाली और लालकुआं शामिल हैं, के लिए मतदान किट्स और बैलेट पेपर्स का वितरण किया जाएगा। जिले में कुल 164 मतदान केंद्र और 402 बूथ बनाए गए हैं। इनमें हल्द्वानी के 96 मतदान केंद्र और 289 बूथ प्रमुख हैं। कंट्रोल रूम से मंगलवार को मतदान किट्स की अंतिम पैकेजिंग की गई। इन किट्स में मतदाता सूची, आवश्यक फॉर्म, स्टेशनरी और मतपेटी सील करने की सामग्री शामिल है। मतदाताओं की संख्या के अनुसार बूथवार बैलेट पेपर भी तैयार कर लिए गए हैं।

Advertisement

उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिवचरण द्विवेदी ने जानकारी दी कि मतदान प्रक्रिया को समय पर शुरू करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार सुबह आठ बजे पोलिंग पार्टियों को मतदान किट्स देकर रवाना किया जाएगा। जिले में कुल 52 मतदान केंद्र और 120 बूथ संवेदनशील, जबकि 71 मतदान केंद्र और 185 बूथ अति संवेदनशील के रूप में चिन्हित किए गए हैं। हल्द्वानी में सबसे अधिक 46 मतदान केंद्र और 144 बूथ अति संवेदनशील हैं। चुनाव को स्वतंत्र और निष्पक्ष कराने के लिए जिला प्रशासन ने हर स्तर पर पुख्ता इंतजाम किए हैं।

Read more

Local News