हल्द्वानी। कुमाऊं के महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक और जातिवाद के खिलाफ सशक्त आवाज उठाने वाले खुशीराम जी की 138वीं पुण्यतिथि के अवसर पर हल्द्वानी में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस मौके पर समाज के प्रमुख नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उनकी समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने खुशीराम जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका संघर्ष और समाज के लिए किए गए कार्य आज भी प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने जातिवाद और असमानता के खिलाफ न सिर्फ आवाज उठाई, बल्कि कुमाऊं क्षेत्र को सामाजिक और राजनीतिक दृष्टि से एक नई दिशा दी। इधर राज्य आंदोलनकारी और कांग्रेस नेता ललित जोशी ने कहा कि खुशीराम जी ने समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का काम किया। उनका नेतृत्व और दूरदर्शिता कुमाऊं के विकास में मील का पत्थर साबित हुई है।
वही नैनीताल जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि खुशीराम जी ने समाज में समानता और भाईचारे को बढ़ावा दिया। उनकी पुण्यतिथि हमें उनके विचारों को अपनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लेने की प्रेरणा देती है। उधर नगर निगम की निवर्तमान पार्षद राधा आर्य ने कहा कि खुशीराम जी ने हमेशा गरीबों और कमजोर वर्ग के लिए संघर्ष किया। उनकी विचारधारा और नीतियां आज भी समाज में प्रासंगिक हैं। श्रद्धांजलि सभा में मौजूद सैकड़ों लोगों ने उनके द्वारा समाज सुधार और स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए योगदान को याद कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में उनके विचारों और कार्यों को समाज के लिए आदर्श मानते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।






