हल्द्वानी। महिला और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन और बाल विकास एवं महिला सशक्तिकरण विभाग द्वारा आयोजित कार्यशालाओं में मिले इनपुट के आधार पर संवेदनशील क्षेत्रों में से एक GRD रेस्टोरेंट, छड़ायल, में छापेमारी की गई। इस कार्रवाई का नेतृत्व नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी और क्षेत्राधिकारी पुलिस नितिन लोहानी ने किया। उनके साथ थानाध्यक्ष मुखानी विजय मेहता भी उपस्थित थे। जांच के दौरान रेस्टोरेंट के प्रथम तल पर संचालित पूल टेबल कॉर्नर में आपत्तिजनक सामग्री पाई गई। इसके साथ ही, रेस्टोरेंट द्वारा होटल के रूप में संचालित कक्षों में ठहरने वाले व्यक्तियों का समुचित विवरण न रखे जाने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों संचालकों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान किया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों, अभय सिंह और कैलाश टम्टा की उपस्थिति में जांच में पाया गया कि रेस्टोरेंट में एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री रखी गई थी। इसके अलावा, अन्य स्वास्थ्य-संबंधी अनियमितताओं के आधार पर रेस्टोरेंट स्वामी के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण की टीम ने भी परिसर का निरीक्षण किया, जिसमें यह सामने आया कि रेस्टोरेंट स्वामी स्वीकृत मानचित्र नहीं दिखा सके। इस गंभीर कमी के चलते प्राधिकरण ने परिसर स्वामी के खिलाफ चालान की प्रक्रिया शुरू की है। प्रशासन और संबंधित विभागों की इस संयुक्त कार्रवाई ने रेस्टोरेंट में व्याप्त कई अनियमितताओं और लापरवाहियों को उजागर कर दिया। महिला और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए संवेदनशील स्थानों पर इस प्रकार की छापेमारी से स्थानीय प्रशासन ने कड़ा संदेश दिया है।






