हरिद्वार। उत्तराखंड पुलिस के महानिदेशक अभिनव कुमार ने मंगलवार को हरिद्वार का दौरा किया और ज्वालापुर क्षेत्र में ज्वैलरी शोरूम में हुई डकैती की घटना की गंभीरता से समीक्षा की। डीजीपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुकान मालिक और पुलिस अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली और पीड़ित को जल्द न्याय मिलने का आश्वासन दिया। उन्होंने इस घटना को उत्तराखंड पुलिस के लिए गंभीर मानते हुए इसे संजीदगी से लेने की बात की। डीजीपी कुमार ने डैम कोठी में जनपद के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था पर बैठक आयोजित की। इस बैठक में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, अपराधों की रोकथाम, और प्रभावी कानून व्यवस्था बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

बैठक में किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के लिए एक व्यापक अभियान चलाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही अपराध नियंत्रण के लिए आपसी समन्वय, त्वरित सूचना संप्रेषण, और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने पर बल दिया गया। डीजीपी ने उपस्थित अधिकारियों को हर स्तर पर समन्वय बढ़ाने और घटनाओं की जांच में प्रोफेशनल पुलिसिंग की सलाह दी। डीजीपी ने कहा, “हरिद्वार पुलिस और एसटीएफ के बेहतरीन पुलिस अधिकारियों की टीम इस घटना के खुलासे के लिए लगातार प्रयासरत है। हमें उम्मीद है कि हम जल्द ही घटना का खुलासा करेंगे।”






