नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में बढ़ रहे पर्यटन कारोबार के बीच बिना पंजीकरण होटल और होमस्टे संचालन से चांदी काट रहे कारोबारियों की मनमर्जी पर अब पर्यटन विभाग ने नकेल कसना शुरू कर दी है। पर्यटन विभाग जिलेभर में संचालित पर्यटन इकाइयों का निरीक्षण कर रहा और बिना पंजीकरण संचालित हो रहे होटल और होमस्टे पर कार्यवाही भी कर रहा है।
इसी क्रम में पर्यटन विभाग की टीम ने मंगलवार को तहसील कोश्यकुटोली के कैची धाम क्षेत्र में बने होटल और होम स्टेस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे 06 होटल का चालान किया और नियमों का पालन ना करने वाली 05 इकाइयों को नोटिस देकर पालन करने के लिए हिदायत दी। जानकारी के अनुसार विभागीय नोटिस के बाद पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।

गौरतलब है कि नैनीताल जिले में तेजी से फैल रहे पर्यटन कारोबार के साथ ही होटलों और होमस्टे की संख्या में भी बढ़ोतरी हो रही है। शहरी क्षेत्रों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी होटल और होमस्टे का विस्तार हो रहा है। जिसके लिए पर्यटन विभाग से होमस्टे और अन्य पर्यटन स्वरोजगार योजनाएं भी संचालित की जा रही है, मगर जिलेभर में संचालित होमस्टे और होटलों में से दस से बीस फीसदी इकाइयां ही पर्यटन विभाग में पंजीकृत है।






