देहरादून। चीता कर्मियों पर हमला कर गुलेल से उसकी आंख को चोटिल करने के आरोपी को एसटीएफ ने दबोच लिया। उसके ऊपर पंचास हजार का इनाम घोषित था। एसटीएफ से मिली जानकारी के अनुसार बीते साल 26 मई को रात्रि में रानीपुर थाने की चीता पुलिस के दो जवानों पर एक संदिग्ध अपराधी से पूछताछ के दौरान 3 लोगों ने चीता पुलिस कर्मियों पर गुलेल से हमला कर एक जवान की आंख मे गंभीर चोट पहुंचाकर गम्भीर रूप से चोटिल कर दिया। इस घटना में दूसरे सिपाही के सीने पर चोट आई थी। हरिद्वार पुलिस की विवेचना में पारदी गैंग के विक्रम पुत्र भूरा निवासी मेहताब पार्क आगरा का नाम सामने आया। इसकी जांच एसटीएफ को सौंपी गई।
एसटीएफ ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 50,000 रू0 का इनाम घोषित किया गया था। उसकी जांच के बाद विक्रम निवासी मेहताब पार्क आगरा की गिरफ्तारी के लिए एक टीम को नोएडा दादरी में भेजा गया। जहां स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश देकर स्पेशल टास्क फोर्स टीम ने विक्रम को नोएडा दादरी रोड से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस 6 अपराधियों को हरिद्वार पुलिस द्वारा पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने बताया कि उत्तराखण्ड एसटीएफ फरार चल रहे 46 ईनामी अपराधियों की धरपकड़ कर चुकी है। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसआई उमेश कुमार, एएसआई हितेश कुमार, अनूप भाटी, निरीक्षक विनोद कुमार यादव, हेड कांस्टेबल वाजिद अली, मनोज चिकारा आदि शामिल रहे।






