हल्द्वानी। सड़कों में आवारा जानवरों से टकराकर लोगों के घायल होने और हादसे में उनके मौत होने की घटनाओं में भी इजाफा देखने को मिल रहा है। इन जानवरों से कुछ माह पूर्व बिन्दुखत्ता के एक बाइक सवार युवक की मौत हो गयी थी। इधर बुधवार शाम को बरेली रोड में आवारा जानवर से टकराने से एक दो पहिया वाहन सवार की मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार स्यूड़ा हैड़ाखान निवासी चंदन संबल बाइक से हल्द्वानी अपने निजी काम के लिए आया था।
इस दौरान वह बरेली रोड टीवीएस शोरूम के पास एक आवारा जानवर से टकरा गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बनभूलपुरा थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने कहा कि पुलिस को बरेली रोड में एक युवक के आवारा जानवर से टकरा कर घायल होने का समाचार मिला था। एसटीएच में उसकी मौत हो गई। उसका पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।






