उत्तरकाशी। उत्तराखंड के जनपद उत्तरकाशी में बुधवार को एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक मां, बेटे की मृत्यु हो गई है, जबकि दूसरा बेटा घायल अवस्था में उपचाराधीन है। दोनो बेटे सेना में कार्यरत हैं। राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की प्रवक्ता ललिता दास नेगी ने बताया कि आज उत्तरकाशी से स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दी गयी कि बड़ेथी में एक कार लगभग 800 मीटर गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गयी है, जिसमें रेस्क्यू हेतु टीम की आवश्यकता है। उक्त सूचना पर पोस्ट चिन्यालीसौड़ से एसडीआरएफ टीम मुख्य आरक्षी मनोज चौहान के हमराह मय आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के तत्काल घटनास्थल पहुंचे और त्वरित कार्यवाही करते हुऐ रोप के माध्यम से खाई में उतरकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुँच बनाकर रेस्क्यू अभियान आरम्भ किया।
नेगी ने बताया कि उक्त वाहन संख्या एचआर 26 बीई6018 में तीन लोग, एक महिला और दो पुरुष सवार थे। जब वे चिन्यालीसौड़ की तरफ से अपने गांव इंद्रा टिपरी जा रहे थे कि अचानक कार अनियंत्रित होने से गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। उन्होंने स्थानीय लोगों के हवाले से बताया कि उक्त महिला के साथ दोनों उनके बेटे थे। जो भारतीय सेना में सेवारत हैं। उन्होंने बताया कि घटना में पवना देवी (48) पत्नी रुकम सिंह और विकास सिंह (22) पुत्र रुकम सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी जबकि भूपेंद्र सिंह (25) पुत्र रुकम सिंह घायल हैं। सभी निवासी ग्राम इंद्रा, चिन्यालीसौड़, उत्तरकाशी हैं। घायल भूपेंद्र को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।






