रूद्रपुर। उत्तराखंड के उधमसिंह नगर की दिनेशपुर पुलिस ने सेना में अग्निवीर भर्ती के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले सेना का फर्जी सुबेदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लगभग 41 लाख रुपये के चेक व अनेक दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। मिली जानकारी के अनुसार नानकमत्ता के प्रतापपुर निवासी तपस मंडल की ओर से पिछले साल तीन नवम्बर को ऊधमसिंह नगर पुलिस से इस मामले में शिकायत दर्ज करायी गयी। इस मामले में अभियोग पंजीकृत कर विक्की मंडल एवं पंकज सिंह के अलावा गोविंद सिंह नयाल निवासी नाई गांव, शहर फाटक, मुक्तेश्वर, नैनीताल को आरोपी बनाया गया। पुलिस ने विक्की मंडल एवं पंकज सिंह को चार नवम्बर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मुख्य आरोपी गोविंद सिंह नयाल फरार हो गया था। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश देती रही लेकिन आरोपी बचने के लिये लगातार ठिकाने बदलता रहा। आखिरकार दिनेशपुर पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार रात को काठगोदाम हल्द्वानी से गिरफ्तार कर लिया।






पुलिस ने शनिवार को रूद्रपुर में इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी गोविन्द सिंह नयाल अपने को सेना का सुबेदार बताता था। बेराजगार इससे उसके झांसे में आ जाते थे। पुलिस ने उसके पास से एक कार भी बरामद की है जिसमें आगे व पीछे सेना लिखा हुआ है। वह बेरोजगारों से सेना में भर्ती व अग्निवीर बनाने के लिये शैक्षणिक दस्तावेज की मूल प्रति व कुछ पैसा जमा करवा लेता था। जो युवक अपनी मेहनत से भर्ती होते थे, बाद में उनसे भर्ती के नाम पर बड़ी रकम ऐंठ लेता था।
पुलिस को उसके पास से सेना का फर्जी आई कार्ड, लगभग 41 लाख के चेक, 12 डेबिट एवं क्रेडिट कार्ड, बेरोजगार युवकों के शैक्षणिक दस्तावेज एवं सेना का फर्जी पहचान पत्र के अलावा अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।










