हल्द्वानी। प्रदेश भर में लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने व यातायात के नियमों का पालन कराए जाने को लेकर सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में हल्द्वानी के सम्भागीय परिवहन कार्यालय परिसर में भी एआरटीओ विमल पांडे के द्वारा सभी सम्भागीय परिवहन कर्मियों को यातायात के नियमों का पालन किए जाने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर हल्द्वानी सम्भागीय परिवहन के कर्मचारियों सहित आम जनता भी मौजूद रहे, जिन्होंने यातायात के नियमों का शत-प्रतिशत पालन किए जाने की शपथ के साथ ही अन्य लोगों को भी यातायात नियमों का पालन कराए जाने हेतु जागरूक करने का संकल्प लिया।

वहीं एआरटीओ हल्द्वानी विमल पांडे ने इस अवसर पर मीडिया को बताया कि प्रदेश में यातायात नियमों के उल्लंघन के चलते सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ बढ़ रहा है, इसलिए सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के उद्देश्य से आरटीओ कर्मियों को यातायात नियमों के पालन कराए जाने की शपथ दिलाई है। साथ ही सम्भागीय परिवहन कर्मियों व आम जनता जो अपने निजी काम से सम्भागीय परिवहन कार्यालय में काम कराने आए थे, उनको भी सुरक्षा का पाठ पढ़ाते हुए बताया कि बाइक चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करने, कार ड्राइविंग के दौरान सीट बेल्ट पहनने व शराब पीकर वाहन ना चलाए जाने को लेकर जागरूक किया गया। इसके साथ ही उन्होंने समय-समय पर यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने तथा सड़क परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चलानी कार्रवाई किए जाने की बात कही।






