हल्द्वानी। झोलाछाप डाक्टरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बीते दिन गौलापार क्षेत्र में झोलाछापों के खिलाफ कार्रवाई के बाद एक बार विभाग ने बुधवार को एसीएमओ डॉ. श्वेता भंडारी के नेतृत्व में वनभूलपुरा क्षेत्र के इंदिरा नगर में अवैध तरीके से चल रहे क्लीनिकों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान बिना डिग्री के चल रहे प्रकाश सरकार के क्लीनिक में छापेमारी की गई।
जानकारी के अनुसार क्लीनिक संचालक के पास ना तो डिग्री थी और न ही बायोमेडिकल कूड़े के निस्तारण की कोई व्यवस्था थी। क्लीनिक में छापेमारीे के दौरान मरीजों को ड्रिप चढ़ाई जा रही थी और एलोपैथिक दवाओं का इस्तेमाल हो रहा था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अवैध क्लीनिक चलाने वाले पर 50 हजार का चालान और नोटिस भी जारी किया है। टीम में राघवेन्द्र सिंह, बसंती शामिल रहे।






