हल्द्वानी। सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा 2026 में हल्द्वानी के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर का नाम एक बार फिर रोशन किया है। बाजीराव ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के 17 विद्यार्थियों का सैनिक स्कूलों के लिए चयन हुआ है, जिनमें से 6 से 7 छात्रों ने प्रतिष्ठित सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में स्थान हासिल किया है। संस्थान के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि लगातार चौथे वर्ष यहां के विद्यार्थियों का घोड़ाखाल सैनिक स्कूल में चयन हुआ है। हल्द्वानी में आयोजित प्रेस वार्ता में संस्थान के सीईओ धीरज मेहता ने बताया कि अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में इस वर्ष संस्थान के विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। कक्षा 9वीं में शिवांश सिंह ने 360 अंक, आदित्य दरमवाल ने 354 अंक, विजय शर्मा ने 352 अंक और प्रिंस पंतनी ने 344 अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट परिणाम हासिल किया।

वहीं कक्षा 6वीं के परिणामों में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चयन सुनिश्चित किया। चयनित छात्रों में चेतन सिंह (280), तनमय जोशी (267), ऋषभ बिष्ट (257), युवराज धपोला (257), पांशुल गवरी (249), निर्मल सिंह (251), अध्या पाण्डे (245), मान्यता बिष्ट (240), काव्यांश क्वेरा (243), कार्तिक नाथ महंत (240) और ईश्वर सिंह (235) शामिल हैं। संस्थान प्रबंधन ने विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह परिणाम छात्रों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भी संस्थान के छात्र इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हल्द्वानी और उत्तराखंड का नाम रोशन करते रहेंगे।







