हल्द्वानी। शहर में स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर निगम क्षेत्र के भगवानपुर, दमुवाढुंगा, नारायण नगर बिठौरिया और गोकुल नगरी कुसुमखेड़ा में अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स “आयुष्मान आरोग्य मंदिर” का शुभारंभ किया गया। महापौर गजराज बिष्ट ने इन केंद्रों को शहरी गरीब और श्रमिक वर्ग के लिए बड़ी राहत बताते हुए कहा कि इससे लोगों को अपने घर के पास ही मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। महापौर ने बताया कि हल्द्वानी-काठगोदाम में कुल 10 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए जा रहे हैं, जहां प्रशिक्षित एमबीबीएस चिकित्सकों की टीम द्वारा प्रतिदिन सामान्य रोगों की जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही आवश्यक दवाइयां, गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, बच्चों का टीकाकरण, वरिष्ठ नागरिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच और हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप तथा कैंसर जैसी गैर संचारी बीमारियों की प्राथमिक जांच और परामर्श भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ये केंद्र विशेष रूप से उन क्षेत्रों में खोले जा रहे हैं जहां पहले दूरी और आर्थिक कारणों से लोगों को अस्पताल पहुंचने में कठिनाई होती थी। अब लोगों को समय पर इलाज मिलने के साथ स्वास्थ्य असमानता को कम करने में भी मदद मिलेगी। महापौर ने भरोसा दिलाया कि नगर निगम इन केंद्रों के सुचारू संचालन के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा और यहां स्वास्थ्य जागरूकता, पोषण, स्वच्छता और निवारक उपायों की जानकारी भी दी जाएगी। कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि डॉ. अशोक चौहान ने बताया कि केंद्र प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित रहेंगे और यहां डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड प्रणाली लागू की गई है, जिससे मरीजों का स्वास्थ्य डेटा सुरक्षित रहेगा। टेलीमेडिसिन सुविधा के जरिए विशेषज्ञ चिकित्सकों से ऑनलाइन परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सभी अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स को “आयुष्मान आरोग्य मंदिर” के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां उपचार के साथ जनजागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे “स्वस्थ नगर, सुरक्षित नागरिक” के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी। इससे पहले रामपुर रोड देवलचौड़ और गौजाजाली में भी दो केंद्र शुरू किए जा चुके हैं। कार्यक्रम में नगर आयुक्त परितोष वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, स्थानीय पार्षद और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।







