वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, नौ चोरी की बाइकें बरामद

नैनीताल। मल्लीताल पुलिस ने वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। कोतवाली मल्लीताल क्षेत्र में दर्ज चार अलग-अलग वाहन चोरी के मामलों का सफल अनावरण करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से चोरी की नौ मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। बरामद की गई बाइकों की अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये बताई गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने अपराध शाखा, यातायात, और स्थानीय पुलिस के समन्वय से इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस टीम ने मल्लीताल क्षेत्र में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद दो संदिग्ध युवकों की पहचान की। मुखबिर की सूचना पर मंगोली क्षेत्र से दोनों को रंगे हाथ चोरी की गई एक अपाचे बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया। 

वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, नौ चोरी की बाइकें बरामद

पूछताछ में उन्होंने नैनीताल, हल्द्वानी, बाजपुर और रामनगर से बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर नलनी के पास जंगल से आठ अन्य बाइकें बरामद की गईं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक सिंह बिष्ट (निवासी घूग्धू खाम, नैनीताल) और आकाश (निवासी खुशालपुर, बाजपुर, उधमसिंह नगर) के रूप में हुई है। उनके खिलाफ पहले से कोई गंभीर आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है, लेकिन पुलिस अन्य कड़ियों को भी खंगाल रही है। बरामद बाइकों में स्प्लेंडर, अपाचे और रॉयल एनफील्ड जैसे ब्रांड शामिल हैं, जिनके चोरी होने की रिपोर्टें पहले मल्लीताल, हल्द्वानी, रामनगर और बाजपुर थानों में दर्ज की गई थीं। इस महत्वपूर्ण सफलता पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। 

Advertisement

Read more

Local News