- SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी की सख्ती का असर
- घर से चोरी हुए करीब 12 तोला स्वर्ण आभूषण शत-प्रतिशत बरामद
भवाली। कोतवाली भवाली क्षेत्र में घर से लाखों रुपये के स्वर्ण आभूषण चोरी होने के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार करते हुए चोरी किए गए करीब 12 तोला स्वर्ण आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये से अधिक है, शत-प्रतिशत बरामद कर लिए। जानकारी के अनुसार ग्राम गैराडी लटवाल निवासी उमा लटवाल ने 29 अगस्त को अपने घर से सोने के आभूषण चोरी होने की शिकायत भवाली कोतवाली में दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई।
टीम ने तत्काल सुरागरसी, संदिग्धों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी जितेन्द्र सिंह लटवाल उर्फ जित्तू, निवासी गैराडी लटवाल, ने पूछताछ में चोरी की बात स्वीकार की। बताया गया कि आरोपी चोरी किए गए सोने के आभूषण बेचकर गाड़ी खरीदने की योजना बना रहा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दो जोड़ी पौंची, कान के झुमके, नथ, गोलोबन्द, मांग-टीका और अंगूठी समेत करीब 12 तोला स्वर्ण आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। त्वरित कार्रवाई और शत-प्रतिशत बरामदगी पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम का उत्साह बढ़ाने के लिए ₹2,500 के इनाम की घोषणा की है।




