ऋषिकेश। देहरादून जिले के ऋषिकेश में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। पशुलोक विस्थापित क्षेत्र में घरेलू कहासुनी के दौरान एक बेटे ने अपनी 63 वर्षीय मां को 12 बोर के तमंचे से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रविवार को कोतवाली ऋषिकेश पुलिस को सूचना मिली कि ए-ब्लॉक, गली नंबर-3, मंदिर के पास एक महिला को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां जांच में पता चला कि 32 वर्षीय सुमित गौड़ ने अपनी मां उषा देवी गौड़ (63) के साथ कहासुनी के बाद 12 बोर के तमंचे से फायर कर दिया।
गोली लगने से उषा देवी के माथे पर गंभीर चोट आई। घटना के बाद आरोपी सुमित गौड़ स्वयं घायल मां को लेकर एम्स ऋषिकेश पहुंचा, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने मौके से आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के संबंध में पीड़िता के बड़े बेटे अमित गौड़, निवासी माजरी ग्रांट, थाना डोईवाला, की तहरीर पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है तथा घटना में प्रयुक्त हथियार को भी कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।






