- विशेष गहन पुनरीक्षण में आमजन की परेशानियों का उठाया मुद्दा, पारदर्शी प्रक्रिया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
हल्द्वानी। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान आम नागरिकों को हो रही परेशानियों और प्रपत्रों की कथित कालाबाज़ारी का मामला अब राजनीतिक स्तर पर भी गरमा गया है। विधायक सुमित हृदयेश ने सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपाई से मुलाकात कर अभियान से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं, दस्तावेजों को लेकर बनी भ्रम की स्थिति और आवेदन प्रक्रिया में आ रही कठिनाइयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने प्रशासन से पूरी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने के साथ-साथ प्रपत्रों की कालाबाज़ारी करने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की। विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान नागरिकों के बीच आवश्यक दस्तावेजों, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और सत्यापन को लेकर कई तरह की शंकाएं बनी हुई हैं। उन्होंने प्रशासन से प्रत्येक पात्र मतदाता को स्पष्ट एवं समयबद्ध जानकारी उपलब्ध कराने तथा प्रक्रिया को सहज बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट का ध्यान तहसील परिसर में SIR से संबंधित प्रपत्रों की कथित कालाबाज़ारी की शिकायतों की ओर भी दिलाया।
विधायक ने कहा कि कुछ लोग निर्धारित मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर प्रपत्र बेचकर आम जनता की मजबूरी का फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने ऐसे तत्वों के खिलाफ तत्काल अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने और सख्त निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की। सुमित हृदयेश ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों का दुरुपयोग या उनसे अनुचित लाभ कमाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जो लोग जनता की मजबूरी को कमाई का जरिया बना रहे हैं, वे अपनी जेब सिलकर रखें, क्योंकि प्रशासन को ऐसे लोगों पर कड़ा शिकंजा कसना चाहिए।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत प्रत्येक नागरिक का मताधिकार है और यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है कि विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और सुगम रहे। विधायक ने दोहराया कि जनहित से जुड़े हर मुद्दे को प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता है और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।






