- बीमारी का बहाना बनाकर अस्पतालों में करता था रेकी, 50 लाख के सोने-चांदी के आभूषण, फर्जी आधार कार्ड और चोरी के औजार बरामद
देहरादून। दून पुलिस ने एम्स ऋषिकेश में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफल खुलासा करते हुए आंध्र प्रदेश के एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी अस्पताल परिसरों में मरीज बनकर घूमता था, बंद आवासों की रेकी करता और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देता था। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, तीन फर्जी आधार कार्ड, चोरी में प्रयुक्त पेचकस और अन्य सामान बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने ऋषिकेश के अलावा गुजरात के राजकोट स्थित अस्पताल परिसर में भी चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। 20 जुलाई 2026 को एम्स ऋषिकेश आवासीय परिसर निवासी रविन्द्र तिवारी ने कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक ऋषिकेश के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और तकनीकी जांच के आधार पर 31 जुलाई की रात काली माता मंदिर, सात मोड़, देहरादून रोड ऋषिकेश के पास से आरोपी मंडलपु शिवा अंजनेयुलू निवासी गुंटूर, आंध्र प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पहले हरिद्वार और ऋषिकेश गंगा स्नान के बहाने आया था। इसी दौरान उसने एम्स परिसर में बंद मकानों की रेकी कर एक आवास का ताला पेचकस से तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद 27 जुलाई को उसने गुजरात के राजकोट स्थित सिविल अस्पताल परिसर में भी इसी तरीके से चोरी की। पुलिस द्वारा गुजरात पुलिस से संपर्क करने पर वहां भी चोरी का मुकदमा दर्ज होना सत्यापित हुआ।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर है और पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए अलग-अलग नामों से फर्जी आधार कार्ड बनवाकर होटलों और धर्मशालाओं में ठहरता था। उसका पूर्व में आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा और गुंटूर में चोरी के मामलों में जेल जाना भी प्रकाश में आया है। अन्य राज्यों में उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एम्स ऋषिकेश और राजकोट अस्पताल चोरी से संबंधित भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, तीन फर्जी आधार कार्ड, पेचकस तथा अन्य सामान बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और संभावित वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।







