देहरादून। उत्तराखंड में अगले कई दिनों तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी के बीच राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने लोगों, चारधाम यात्रियों और पर्यटकों से मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 18 से 22 जुलाई तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जिला प्रशासनों को संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, जिला आपदा परिचालन केंद्रों को 24×7 सक्रिय रखने तथा राहत एवं बचाव दलों को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।
19 जुलाई के लिए नैनीताल, चम्पावत और ऊधम सिंह नगर में अत्यंत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट तथा अन्य पर्वतीय जिलों में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। 20 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार और टिहरी में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 21 और 22 जुलाई को भी कई जिलों में भारी वर्षा की आशंका बनी हुई है। आपदा प्रबंधन विभाग ने भूस्खलन संभावित मार्गों पर मशीनरी और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। प्रदेशवासियों, चारधाम यात्रियों और पर्यटकों से अपील की गई है कि मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें, अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा किसी भी आपात स्थिति में 112, 1070 और 1077 हेल्पलाइन नंबरों पर तत्काल संपर्क करें।







