- ₹30 हजार मासिक स्टाइपेंड की मांग, ओपीडी-वार्ड ड्यूटी से बनाई दूरी, आपातकालीन सेवाएं रहेंगी जारी
हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों ने मासिक स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर सोमवार से डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल परिसर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। इंटर्न डॉक्टर वर्तमान में मिल रहे ₹17 हजार मासिक स्टाइपेंड को बढ़ाकर ₹30 हजार करने की मांग पर अड़े हैं। डॉक्टरों का कहना है कि मौजूदा महंगाई और अन्य राज्यों में मिलने वाले स्टाइपेंड की तुलना में वर्तमान राशि बेहद कम है। इंटर्न डॉक्टरों के अनुसार इस मांग को लेकर शासन और संबंधित अधिकारियों के समक्ष पहले भी कई बार पक्ष रखा गया, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं होने के बाद अब आंदोलन का निर्णय लिया गया है। हड़ताल के दौरान इंटर्न डॉक्टर ओपीडी, आईपीडी, वार्ड और विभागीय नियमित ड्यूटी सहित अस्पताल की अन्य नियमित चिकित्सकीय सेवाओं में अपनी निर्धारित इंटर्नशिप ड्यूटी नहीं करेंगे।
हालांकि, आपातकालीन सेवाओं को हड़ताल से अलग रखा गया है और इन्हें सुचारू रखने की बात कही गई है।इंटर्न डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा। प्रदर्शन प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक अस्पताल परिसर में किया जाएगा और यह हड़ताल तब तक जारी रखने की बात कही गई है, जब तक ₹17 हजार से बढ़ाकर ₹30 हजार मासिक स्टाइपेंड किए जाने के संबंध में सकारात्मक एवं लिखित निर्णय नहीं हो जाता। इंटर्न डॉक्टरों की हड़ताल के बीच अब नजर शासन और स्वास्थ्य विभाग के रुख पर है। यदि जल्द समाधान नहीं निकलता है तो अस्पताल की नियमित सेवाओं पर इसका असर बढ़ने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।




