- जलभराव, टूटी सड़कें और गंदगी से लोग बेहाल, विकास कार्यों को बताया परेशानी की वजह, मेयर ने जनता से मांगा धैर्य
हल्द्वानी। मानसून की पहली ही तेज बारिश ने हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र की तैयारियों की पोल खोल दी। शहर के कई इलाकों में जलभराव, टूटी सड़कों, कीचड़ और गंदगी के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद जगह-जगह जल निकासी व्यवस्था चरमराती नजर आई, जबकि नालियों की सफाई और आंतरिक सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर नगर निगम पर सवाल उठने लगे। इस बीच नगर निगम के मेयर ने मौजूदा हालात के लिए शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों को जिम्मेदार बताया और नागरिकों से कुछ समय तक धैर्य रखने की अपील की है। मेयर गजराज बिष्ट ने कहा कि शहर में एक साथ कई बड़ी आधारभूत परियोजनाओं पर काम चल रहा है। जल संस्थान द्वारा सीवरेज पाइपलाइन बिछाने, पेयजल लाइन के विस्तार और 33 केवी विद्युत लाइन को भूमिगत करने के कारण अधिकांश सड़कें खुदी हुई हैं। इन कार्यों के चलते बारिश के दौरान लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन यह परेशानी अस्थायी है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम और संबंधित विभाग विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने में जुटे हैं। उनका दावा है कि अगले मानसून तक शहर में चल रही अधिकांश परियोजनाएं पूरी हो जाएंगी, जिससे हल्द्वानी की करीब 99 प्रतिशत समस्याओं का स्थायी समाधान हो जाएगा और लोगों को बेहतर सड़कें, मजबूत जल निकासी व्यवस्था तथा सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी। मेयर ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में थोड़े धैर्य की आवश्यकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्य पूरे होने के बाद हल्द्वानी की आधारभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा और बरसात के दौरान जलभराव तथा अन्य समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलेगी। फिलहाल, पहली ही बारिश के बाद सामने आई व्यवस्थागत कमियों ने नगर निगम की तैयारियों और चल रहे विकास कार्यों की गति पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।





