हल्द्वानी को मिली सिटी बस सेवा की सौगात, CM ने दिखाई हरी झंडी, बोले: “अब हर नागरिक को मिलेगी सस्ती और सुरक्षित यात्रा सुविधा”

हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर के लोगों को मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस परिसर से हल्द्वानी सिटी बस सेवा का शुभारंभ करते हुए बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सिटी बस सेवा का शुभारंभ शहर के विकास और जनसुविधा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम है, जो आम नागरिकों, विद्यार्थियों और कामकाजी लोगों के लिए राहत लेकर आएगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस सेवा से हल्द्वानी के यातायात दबाव में कमी आएगी, प्रदूषण घटेगा और लोगों को सस्ती, सुलभ एवं सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड के प्रत्येक नगर में आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और जनहितकारी परिवहन व्यवस्था स्थापित करना है, ताकि हर नागरिक को बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके।

Advertisement

उन्होंने बताया कि सिटी बस सेवा को चरणबद्ध तरीके से हल्द्वानी के प्रमुख मार्गों पर संचालित किया जाएगा। इससे शहर के भीतर आवागमन सुविधाजनक होगा और यातायात व्यवस्था को नया स्वरूप मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवहन व्यवस्था में सुधार से न केवल जनजीवन सुगम होगा बल्कि शहर के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी। इस अवसर पर विधायक बंशीधर भगत (कालाढूंगी), राम सिंह केड़ा (भीमताल), भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, आईजी रिद्धिमा अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, जनप्रतिनिधि एवं कई अधिकारी मौजूद रहे।

Read more

Local News